तीसरी बार जदयू की कमान उमेश कुशवाहा के हाथ, आखिर क्यों नीतीश कुमार को उन पर इतना भरोसा?

पटना
उमेश सिंह कुशवाहा जनता दल यूनाइटेड के तीसरी बार बिहार अध्यक्ष बन गए हैं। कुशवाहा ने शुक्रवार को इस पद के लिए नामांकन किया। जदयू प्रदेश अध्यक्ष के लिए अन्य कोई नामांकन नहीं आने के बाद उन्हें निर्विरोध चुन लिया गया। शाम 4 बजे इसकी औपचारिक घोषणा कर दी गई। बता दें कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (JDU) में संगठनात्मक चुनाव चल रहे हैं।

वैशाली जिले के महनार से विधायक उमेश सिंह कुशवाहा बीते 5 सालों से बिहार में जदयू की कमान संभाल रहे हैं। वह जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के भरोसेमंद नेता माने जाते हैं। पहली बार वह 2021 में जदयू प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए थे। उन्होंने वशिष्ठ नारायण सिंह की जगह ली थी। इसके बाद वे लगातार इस पद पर चुने जा रहे हैं।
 
नीतीश को उमेश पर क्यों इतना भरोसा?
नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू की राजनीति का मुख्य आधार 'लव-कुश' (कुर्मी-कोइरी) वोट बैंक है। कोइरी समाज से आने वाले उमेश कुशवाहा इस समीकरण के 'कुश' पक्ष को मजबूती देते हैं, जो बिहार की राजनीति में एक अहम वोट बैंक माना जाता है। वहीं, उमेश कुशवाहा वे जेडीयू संगठन की सबसे मजबूत कड़ी माने जाते हैं और पार्टी की राजनीति को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का काम करते रहे हैं।

उपेंद्र कुशवाहा जैसे बड़े कोइरी नेताओं के पार्टी छोड़ने के बावजूद वे नीतीश कुमार के साथ मजबूती से टिके रहे, जिसने उनके प्रति विश्वास को और बढ़ाया। नीतीश कुमार को पार्टी में एक ऐसे युवा चेहरे की जरूरत थी जो ऊर्जावान हो और कैडर के साथ संवाद कर सके। इसी कारण उन्हें 2021 में जेडीयू का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था और हाल ही में वे तीसरी बार इस पद के लिए चुने गए हैं।

उमेश कुशवाहा वैशाली जिले के महनार से विधायक हैं। वे 2015 और 2025 में यहां से चुनाव जीत चुके हैं। हालांकि, 2020 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। 2020 का विधानसभा चुनाव हारने के बावजूद नीतीश ने उन्हें जदयू प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी थी। वर्तमान में, नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की घोषणा के बाद बिहार में राजनीतिक परिस्थिति बदल रही है। ऐसे में उमेश कुशवाहा को फिर से जदयू प्रदेश अध्यक्ष बनाया जाना, नीतीश की लंबी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।

उमेश कुशवाहा बोले- निशांत राजनीति में आएं
तीसरी बार जदयू प्रदेश अध्यक्ष चुने जाने के बाद उमेश कुशवाहा ने सीएम नीतीश के बेटे निशांत कुमार के राजनीति में लाने की मांग की। उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ताओं की इच्छा है कि निशांत सक्रिय राजनीति में आएं। वे पार्टी में शामिल हों और राज्य की सेवा करें।

 

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!

4th piller को सपोर्ट करने के लिए आप Gpay - 7587428786