मध्य प्रदेश में इसी साल विधान सभा चुनाव होने वाले है इससे पहले फेरबदल का दौर जारी है। जिसके तहत प्रशासनिक अधिकारियों के बड़े स्तर पर तबादले किए गए हैं। सोमवार को एक बार फिर शिवराज सरकार ने अधिकारियों के तबादले किए हैं। मध्य प्रदेश में जैसे- जैसे विधानसभा चुनाव पास आते जा रहे है वैसे- वैसे बड़े प्रशासनिक फेरबदल देखने को मिल रहे है। एक बार फिर प्रदेश में 6 कलेक्टर सहित 9 आईएएस अफसरों के तबादले किए गए हैं। इसे लेकर चारों तरफ बहुत चर्चा है।
विपक्ष बना सकता है मुद्दा
आज से मध्य प्रदेश विधानसभा का पांच दिवसीय मॉनसून सत्र शुरू हो रहा है। इससे पहले बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करने के बाद विपक्ष इसका मुद्दा बना सकता है। ऐसे में विधानसभा सत्र की कार्यवाही में ये देखने वाली बात होगी, कि इस पर बात होती है की नहीं।
इन 6 जिलों में बदलाव हुए
मध्य प्रदेश में हुए प्रशासनिक फेरबदल में जिन 6 जिलों में बदलाव हुए उसमें दतिया, टीकमगढ़, श्योपुर, अलीराजपुर, अशोकनगर और आगर मालवा जिले शामिल हैं। इसमें दतिया कलेक्टर संजय कुमार को श्योपुर जिले का कलेक्टर बनाया है। इसके अलावा खेल और युवा कल्याण विभाग के अपर सचिव संदीप माकिन को दतिया जिले का कलेक्टर बनाया गया है। नगरीय प्रशासन और आवास विभाग के अपर आयुक्त अवधेश शर्मा टीकमगढ़ जिले के कलेक्टर बनाए गए हैं। टीकमगढ़ के कलेक्टर सुभाष द्विवेदी को अशोक नगर का कलेक्टर बनाया गया है। जबकि अशोकनगर की कलेक्टर उमा महेश्वरी को एमपी शासन में उपसचिव बनाकर मंत्रायल भेजा गया है और श्योपुर कलेक्टर शिवम वर्मा को एमपी शासन में उप सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इन्हें मिली जिम्मेदारी
बता दें कि अलीराजपुर कलेक्टर राघवेंद्र सिंह को आगर मालवा का कलेक्टर बनाया गया है, जबकि आगर मालवा के कलेक्टर कैलाश वानखेड़े को मंत्रालय में उपसचिव पदस्थ किया गया है। इसके अलावा इंदौर के अपर कलेक्टर अभय अरविंद बेडेकर को अलीराजपुर जिले के कलेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।