रायपुर : छत्तीसगढ़ सहित देश भर का मौसम बदल रहा है। देश के कई हिस्सों में बारिश और वज्रपात हो रही है। छत्तीसगढ़ में भी मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। उत्तर पूर्व से आ रही हवाओं ने प्रदेश के मौसम को प्रभावित कर दिया है. यही वजह है कि पिछले कुछ दिनों में प्रदेश के कई जिलों में झमाझम बारिश हो रही है.
प्रदेश में बंगाल की खाड़ी से प्रचुर मात्रा में नमी का आगमन लगातार जारी है. मौसम विभाग का अनुमान है कि मंगलवार को भी कई जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है. गरज चमक के साथ तेज अंधड़ चलने, वज्रपात होने और ओलावृष्टि की भी संभावना है. वहीं प्रदेश में अधिकतम तापमान में भी खासा बदलाव हो सकता है.
आरेंज अलर्ट
प्रदेश के बस्तर, बेमेतरा, बीजापुर, बिलासपुर, दंतेवाड़ा, कबीरधाम, कांकेर, कोंडागांव, मुंगेली, नारायणपुर और सुकमा में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात होने, अंधड़ चलने तथा एक-दो स्थानों पर ओला वृष्टि होने की संभावना है।
येलो अलर्ट
प्रदेश के बालोद, बलोदाबाज़ार, धमतरी, दुर्ग, गरियाबंद, जांजगीर, कोरबा, कोरिया, महासमुंद, रायपुर, राजनांदगांव, सूरजपुर, सरगुजा, जिलों में एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ अंधड़ चलने तथा वज्रपात होने की संभावना है।
छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ दिनों से मौसम गर्मी के समय में बरसात का एहसास करा रहा है. दोपहर होते ही प्रदेश के कई जिलों में बारिश हो रही है. तो वहीं कुछ जगहों पर तेज आंधी के साथ बिजली भी चमक रही है. इसके अलावा कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हो रही है।
वज्रपात के दौरान रखें ध्यान
1.वज्रपात से बचाव के लिए किसी ऊंचे क्षेत्र में न जाएं क्योंकि बिजली गिरने का सबसे अधिक खतरा वहीं होता है।
2.अगर किसी खुले स्थान में हो तो वहां से किसी पक्के मकान में तुरंत चले जाएं और खिड़की एवं दरवाजों से दूर रहें।
3.घर में पानी का नल, फ्रिज, टेलीफोन आदि बिजली के उपकरणों से दूर रहें और उन्हें बंद कर दें।
बिजली के पोल और टेलिविज़न या मोबाईल टावर से दूर रहें।
4.बिजली की चमक या बादलों के गरजने की आवाज सुनकर किसी पेड़ के नीचे नहीं जाएं।
एक जगह पर समूह में खड़े न हों, कम से कम 15 फीट दूरी बनाए।









