हरियाणा के हिसार शहर में वार्ड 2 की पार्षद कविता केडिया की 18 गज की दुकान की प्रॉपर्टी आईडी में करीब 1 करोड़ का टोटल टैक्स दिखाया गया। पार्षद कविता केडिया और उनके पति प्रवीन कुमार इतना भारी भरकम टैक्स देखकर हैरान रह गए। मेयर गौतम सरदाना से मुलाकात कर पार्षद ने पूरे मामले से अवगत करवाया। मेयर ने पार्षद केडिया को लिखित में शिकायत देने के लिए कहा।

वार्ड 2 की पार्षद कविता केडिया ने मेयर गौतम सरदाना को दी शिकायत में लिखा कि 24 दिसंबर 2022 को 18 गज की दुकान की प्रॉपर्टी आईडी बनाने के लिए नई फाइल लगाई थी। 2 जनवरी को 2023 को निगम में प्रॉपर्टी आईडी के अनुसार टैक्स को भरने के लिए आया तो संबधित विभाग ने कुल करीब 27 हजार रुपए भरने के लिए कहा गया था। लेकिन बुधवार को बकाया भरने आए तो कर्मचारी ने ऑनलाइन चेक करके 87 लाख रुपए से अधिक बकाया दिखा दिया।

2 दिन में हो गए 87 लाख
पति प्रवीन कुमार ने बताया कि 2 पहले भी जब निगम से चेक किया था तो 1 करोड़ से अधिक दिखा रहा था, लेकिन 25 जनवरी को दोबारा चेक किया तो करीब 87 लाख रुपए बकाया दिखा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रॉपर्टी आईडी में फायर टैक्स, कूड़ा चार्ज, हाउस टैक्स और डेवलपमेंट चार्ज 4 तरह का चार्ज किया जाता है। सभी चार्ज जोड़कर 2 जनवरी को 27 हजार रुपए दिखाए गए थे। लेकिन आज भरने के लिए गए तो करीब 87 लाख दिखाया गया।

2 जनवरी को प्रॉपर्टी आईडी में बकाया टैक्स
- संपत्ति टैक्स 8311 रुपए
- फायर टैक्स 145.80 रुपए
- कूड़ा टैक्स 384 रुपए
- .डेवलपमेंट टैक्स 18900 रुपए
- कुल बकाया- 27740 रूपए

25 जनवरी को बकाया टैक्स
- संपत्ति टैक्स 6949840 रुपए
- फायर टैक्स 44341.80 रुपए
- कूड़ा टैक्स 1440 रुपए
- डेवलपमेंट टैक्स 1255000 रुपए
- कुल बकाया 8649694.81 रुपए